28 अक्टूबर 2011 - 20:30

यमन की सत्ता पर तीन दशक से क़ब्ज़ा जमाए अली अब्दुल्लाह सालेह के तुरंत सत्ता से हटने की मांग को लेकर कल पूरे यमन में दसियों हज़ार की संख्या में जनता सड़कों पर निकली....

यमन की सत्ता पर तीन दशक से क़ब्ज़ा जमाए अली अब्दुल्लाह सालेह के तुरंत सत्ता से हटने की मांग को लेकर कल पूरे यमन में दसियों हज़ार की संख्या में जनता सड़कों पर निकली। प्रदर्शनकारी जनता ने सालेह के विरुद्ध मुक़द्दमा चलाए जाने की भी अपनी मांग दोहराई। सालेह पर यमनी जनता के दमन का आरोप है। कल जुमे की नमाज़ के पश्चात राजधानी सनआ, तइज़ इब्ब और हुदैदा सहित कई दूसरे नगरों में शासन विरोधी प्रदर्शनों के समाचार हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राजधानी सनआ में सालेह के समर्थक सैनिकों ने एक महिला की उस समय गोली मार कर हत्या कर दी जब वह अपने पति के साथ हाएल स्ट्रीट पर जार रही थी। हाएल स्ट्रीट सालेह के समर्थक सैनिकों के नियंत्रण वाले व जनता का साथ दे रहे असंतुष्ट सैनिकों के नियंत्रण वाले भागों को विभाजित करती है। इस घटना में इस महिला का पति घायल हो गया। सनआ के उपनगरीय क्षेत्र अलहसबा में फ़ायरिंग व विस्फोटों के समाचार हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शासन के समर्थक सैनिकों व शासन विरोधी जनता का साथ दे रहे क़बायलियों के बीच झड़प शुक्रवार की सुबह तक जारी रही। दक्षिणी नगर तइज़ में प्रदर्शनकारी जनता पर सालेह के समर्थक सैनिकों ने फ़ायरिंग की जिसमें पांच यमनी नागरिक घायल हो गए जिनमें चार की स्थिति चिंताजनक बनी हुयी है। ज्ञात रहे यमन में जनवरी से लाखों की संख्या में जनता नियमित रूप से शासन विरोधी प्रदर्शन कर रही है। अब्दुल्लाह सालेह पर भ्रष्टाचार व भाई भतीजावाद का आरोप है। शासन समर्थक सैनिको की जनता के विरुद्ध दमनकारी कार्यवाही में अब तक सैकड़ों प्रदर्शनकारी हताहत और बड़ी संख्या में घायल हुए हैं। यमन में जनता सालेह के सत्ता से हटने तक प्रदर्शन जारी रखने पर डटी हुयी है।

समाचार समाप्त

.........

166